बेटे के साथ बाइक से लौट रही थी महिला, दुपट्टा बाइक की चेन में फंसा, महिला की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

निचलौल/महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। महिला का दुपट्टा अचानक बाइक की चेन में फंस गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला के गले में दुपट्टा बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र निवासी महताब आलम ने अपनी पत्नी रीता देवी को उनके बेटे अमन के साथ बाइक से गोरखपुर दवा लेने के लिए भेजा था। दवा लेकर दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दमकी स्थित भारत गैस एजेंसी के पास अचानक रीता देवी का दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया।
दुपट्टा चेन में फंसते ही वह तेजी से खिंच गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में रीता देवी के गले में दुपट्टा बुरी तरह फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद रीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में उनके बेटे अमन को भी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *