पंचायत भवन पर लटका ताला, व्यवस्था पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल /महराजगंज)। ग्रामीण प्रशासन की जमीनी हकीकत गुरुवार को उस समय उजागर हो गई, जब विकास खण्ड परतावल के ग्राम सभा बैरिया में स्थित पंचायत भवन बंद मिला। जरूरी काम से पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा, जिससे गांव में नाराजगी बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत भवन का संचालन अनियमित है। कभी समय से पहले बंद, तो कभी देर से खुलने की स्थिति आम हो गई है। इससे प्रमाण पत्र, रजिस्टर और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने वाले ग्रामीणों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।


गुरुवार को भी एक ग्रामीण अपने परिवार रजिस्टर से जुड़े कार्य के लिए पहुंचे थे, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी नहीं मिला। भवन पर ताला लटका होने से उन्हें वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है।


गांव के लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समयबद्ध तरीके से पंचायत भवन नहीं खोला गया तो वे उच्च स्तर पर शिकायत करने को बाध्य होंगे।


इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने कहा कि मामला जानकारी में आया है और इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *