महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के वन टांगिया कंपार्ट नंबर 24 रेंज मधवलिया में बीती रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। आधी रात करीब ढाई बजे घर में घुसे तेंदुए ने 15 वर्षीय प्रियंका पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्ची को मच्छरदानी समेत दबोचकर करीब 50 मीटर दूर घसीट ले गया।
प्रियंका अपनी मां और भाई-बहनों के साथ सो रही थी, तभी अचानक तेंदुए ने हमला बोल दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। रमेश पासवान, रीता देवी, चंद्रशेखर, रोशनलाल साहनी, विजय साहनी, राजकुमार साहनी और राजेश दहारी मद्धेशिया ने साहस दिखाते हुए बड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया।
गंभीर रूप से घायल प्रियंका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक बाजार, फिर जिला अस्पताल और उसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने कोटेदार चंद्रशेखर और क्षेत्रीय रेंज अधिकारी अजीत कुमार को सूचित किया। रेंज अधिकारी ने आश्वासन दिया कि विभागीय स्तर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस हमले के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।


 
	 
						 
						