जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज, 27 अप्रैल 2026। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को जीजीआईसी, आनंदनगर में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, प्रगणकों की उपस्थिति एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रगणकों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की विकास योजनाओं का आधार है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास की रूपरेखा इसी पर निर्भर करती है।


डीएम ने प्रगणकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए कहा कि पूरी निष्ठा, समर्पण और सावधानी के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने शिक्षक वर्ग की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे जनगणना की गुणवत्ता और विश्वसनीयता और मजबूत होती है।


डिजिटल प्रणाली पर जोर देते हुए उन्होंने मोबाइल एप के प्रभावी संचालन और त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि के लिए विशेष प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित जनगणना में समयबद्ध और शुद्ध आंकड़े अत्यंत आवश्यक हैं।


जिलाधिकारी ने 7 मई से 21 मई तक प्रस्तावित स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) चरण को गंभीरता से संपन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि यह चरण जितना व्यवस्थित होगा, आगे की प्रक्रिया उतनी ही सरल और सटीक होगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम की सादगी भी चर्चा में रही।

भोजनावकाश के समय उन्होंने प्रशिक्षुओं के साथ सामान्य पंक्ति में लगकर भोजन किया और उनसे आत्मीय संवाद किया, जिससे प्रशिक्षणार्थियों में उत्साह देखा गया।


उपस्थिति समीक्षा में पाया गया कि प्रशिक्षण हेतु बुलाए गए 252 कार्मिकों में से 215 उपस्थित रहे। अनुपस्थित कार्मिकों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस अवसर पर एसडीएम शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

उत्साहवर्धन करने के लिए प्रगणकों के साथ लाइन में लगाकर जिलाधिकारी ने किया लंच।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *