भारतीय पत्रकारों के साथ नेपाल में हुए दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

नेपाली प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

सोनौली। नेपाल में सरकार द्वारा सोशल मीडिया बंद किए जाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे जेन-जी आंदोलन की कवरेज के दौरान भारतीय पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता और मारपीट को लेकर भारतीय पत्रकारों ने कड़ा विरोध जताया है। इसी सिलसिले में रविवार को भारत-नेपाल सीमा सोनौली पर प्रेस क्लब महराजगंज के जिला अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में दर्जनों भारतीय पत्रकारों ने नेपाल के लुंबिनी प्रेस क्लब रूपंदेही के अध्यक्ष कमल राय माझी को नेपाली प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

पत्रकारों ने मांग की कि नेपाल सरकार इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे, साथ ही भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन सौंपने के बाद नेपाल के इमीग्रेशन कार्यालय में भारत और नेपाल के पत्रकारों की एक संयुक्त बैठक हुई। बैठक में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए साझा रणनीति बनाई गई। दोनों देशों के पत्रकारों ने आपसी संपर्क, सहयोग और सद्भाव बनाए रखते हुए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कवरेज करने पर सहमति जताई।

प्रेस क्लब महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का चौथा स्तंभ है। किसी भी देश का पत्रकार समाज को आईना दिखाने का काम करता है। नेपाल में कवरेज के दौरान भारतीय पत्रकारों के साथ हुआ दुर्व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने नेपाल सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

रूपंदेही प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल राय माझी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता ऐतिहासिक और आत्मीय है। इस तरह की घटनाएं दोनों देशों के संबंधों को आहत करती हैं। भारतीय पत्रकारों के साथ हुआ व्यवहार अत्यंत निंदनीय है।

इस मौके पर भारतीय पत्रकारों में राहुल त्रिपाठी, अमितेश त्रिपाठी, आशीष सोनी, बृजेश गुप्ता, अनुज शुक्ला, आलोक जोशी, सुदेश त्रिपाठी, सुनील पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। वहीं नेपाल की ओर से लुंबिनी प्रेस क्लब के दीपेंद्र बड़वाल, नरेश केसी, माधव ढुंगाना, रविंद्र गुप्ता, मोहम्मद हबीब, प्रतिक पौडेल, राधेश्याम विश्वकर्मा, सलमान खान, मनोज छेत्री आदि पत्रकार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *