आरटीआई से हुआ खुलासा, 2018 से 2025 तक 2,125 किशोर-किशोरियां हुए गायब
पड़रौना। कुशीनगर पुलिस लापता किशोर-किशोरियों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। आरटीआई कार्यकर्ता शशिकांत मिश्र को सूचना अधिकार अधिनियम के तहत मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी 2018 से जुलाई 2025 तक जिले से कुल 2,125 किशोर-किशोरियां लापता हुए। इनमें से 2001 को खोज लिया गया, लेकिन 124 किशोर आज भी गायब हैं।
सूचना के अनुसार 21 थानों में से केवल 15 ने ही आंकड़े उपलब्ध कराए। रिपोर्ट बताती है कि इसी अवधि में 2,106 महिलाएं भी लापता हुई थीं, जिनमें से अधिकांश बरामद हो चुकी हैं।
अधिकतर मामले महिला और किशोरियों की गुमशुदगी से जुड़े पाए गए। पुलिस का कहना है कि गुमशुदा किशोरों की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।
आरटीआई के जवाब से यह भी सामने आया कि वर्ष 2001 से अब तक 124 लापता किशोरों का कोई सुराग नहीं मिला। इस खुलासे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

