हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
परतावल /महराजगंज: विकास खण्ड परतावल के ग्राम पंचायत दौलतपुर वनटांगिया में बृहस्पतिवार को त्वरित मक्का के विकास कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खण्ड स्तरीय खरीफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को मक्का, सावा, कोदों, रागी, काकून जैसे मोटे अनाज और सब्जी उत्पादन की नवीनतम तकनीकी जानकारियां दिये। गोष्ठी के दौरान किसानों को भूमि व बीज शोधन, पराली प्रबंधन, कीट व रोग नियंत्रण की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। सहायक विकास अधिकारी कृषि रक्षा द्वारा खेतों में लगने वाले कीटों और रोगों की पहचान व रोकथाम के उपाय बताए गए।
सहायक विकास अधिकारी कृषि महेंद्र यादव ने जैविक खेती और पशुपालन को खेती के साथ वन जोड़ने की सलाह दी तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान मोतीलाल ने किसानों को व्यावसायिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और गोष्ठी के समापन की घोषणा की।

