हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली/महराजगंज, 09 सितंबर। घुघली थाना क्षेत्र के मटकोपा गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव की दो सहेलियों की लाश तालाब से बरामद हुई। मृतकों की पहचान नीता साहनी (18) और कहकसा खातून (19) के रूप में हुई है। दोनों सुबह घास काटने के लिए घर से निकली थीं।
गांव वालों के अनुसार, तालाब के किनारे चप्पल, हंसिया और एक बोरी मिलने पर लोगों को शक हुआ। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश की तो दोनों के शव पानी में तैरते हुए मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को सीएचसी घुघली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं—क्या यह हादसा है या किसी साजिश का नतीजा?
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

