हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज/नौतनवा। परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता स्थित रोहिन बैराज के गेट संख्या-3 के पास रविवार को नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:30 बजे मिश्रौलिया बाजार के स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि रोहिन नदी में दो बच्चे नहाते समय डूब गए हैं। सूचना पर परसामलिक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान प्रिंस वर्मा (20) पुत्र विनय वर्मा तथा मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी, निवासी महुअवा, थाना सोनौली के रूप में हुई है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शवों की पहचान की।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नौतनवा तथा नौतनवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

