भोजन की थाली में मिला मरा मेंढक, नवोदय विद्यालय में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह छात्रों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में दाल के बीच में मेंढक दिखाई देने के बाद उसने इसकी जानकारी अन्य छात्रों को दी। घटना की जानकारी फैलते ही कई विद्यार्थियों ने भोजन करना छोड़ दिया और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता को लेकर नाराजगी जताई।


बताया गया कि विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक के करीब 100 छात्र आवासीय व्यवस्था में रहकर पढ़ाई करते हैं। रविवार सुबह नाश्ते के बाद करीब नौ बजे छात्रों को दाल, चावल और सब्जी परोसी गई थी। इसी दौरान एक छात्र की थाली में दाल के अंदर मरा हुआ मेंढक मिलने की बात सामने आई। इसके बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया और कई विद्यार्थियों ने अपनी थालियां छोड़ दीं।


मामले की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर शांत कराया। विद्यालय प्रशासन की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य की जांच भी कराई गई। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी छात्र के अस्वस्थ होने की सूचना नहीं है।


अभिभावकों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल


घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और भोजन परोसने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की। अभिभावकों का कहना था कि आवासीय विद्यालय में बच्चों के भोजन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही गंभीर मामला है।


जांच के बाद सामने आएगी लापरवाही


विद्यालय प्रशासन ने घटना की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि भोजन तैयार करने के दौरान लापरवाही हुई अथवा परोसने से पहले भोजन की जांच में चूक हुई। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।


विद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अभिभावकों ने मांग की है कि भविष्य में छात्रों को भोजन परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की समुचित जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *