बीपैक्स महासदस्यता अभियान 12 सितंबर से, अधिकतम किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज- बीपैक्स महासदस्यता अभियान 2025 की शुरुआत 12 सितंबर से होगी, जो 12 अक्टूबर तक चलेगी। इस अभियान का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ना है। समिति में किसान ही नहीं, बल्कि अकृषक सदस्य भी शामिल हो सकते हैं।

सदस्यता के लिए इच्छुक लोग ऑफलाइन फॉर्म भरकर, QR कोड स्कैन कर, pacsmember.in पर विजिट कर अथवा टोल फ्री नंबर 1800-21288-4444 पर डायल करके समिति की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसके लिए 100 रुपये के न्यूनतम दो शेयर, 21 रुपये सदस्यता शुल्क और 5 रुपये कृषक पंजिका शुल्क देना अनिवार्य होगा।
विभाग द्वारा प्रत्येक सदस्य को कृषक पंजिका जारी की जाएगी, जिसमें किसान का नाम, पता और कृषि रकबे का विवरण दर्ज होगा। इस पंजिका के आधार पर उन्हें विभागीय योजनाओं जैसे उर्वरक, ऋण आदि में प्राथमिकता से लाभ मिलेगा। पुराने सदस्यों से मात्र 5 रुपये शुल्क लेकर कृषक पंजिका उपलब्ध कराई जाएगी।
सदस्य बनने वाले हर कृषक या अकृषक को 10 अंकों का एक यूनिक कोड दिया जाएगा, जिससे योजनाओं का लाभ उन्हें आसानी से मिल सके।

इस अभियान की तैयारी को लेकर मंगलवार 9 सितंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में उपायुक्त एवं उपनिबंधक गोरखपुर मंडल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी सचिव, जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *