सिसवा में मिशन शक्ति की पाठशाला, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी


सिसवा बाजार/महराजगंज।  महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को थाना कोठीभार पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के वार्ड नंबर 12 सेनानी नगर, नौका टोला में दिव्यांग प्रकोष्ठ संयोजक राजन चौधरी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा और पुलिस की सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एसआई लकी पटेल ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या किशोरी को परेशानी होने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी।

एसआई ने महिलाओं और बच्चों को 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 आपातकालीन एंबुलेंस तथा 102 एंबुलेंस सेवा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं का जरूरत पड़ने पर तत्काल लाभ उठाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल सुरक्षा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी है।

इस मौके पर समाजसेवी राजन चौधरी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों को जागरूक करने वाले ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में प्रभावी पहल बताया।

जागरूकता कार्यक्रम में निर्मला देवी, रुक्मणी चौधरी, मुस्कान खान, शमीमा खातून, रामवती देवी, मीरा देवी और काजल चौधरी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *