हर्षोदय टाइम्स/बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज । जनपद महराजगंज के वीर बहादुर नगर निवासी मोहम्मद सैफ ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर प्रयास के बल पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। सैफ का चयन इसरो में कनिष्ठ सहायक एवं अनुसंधान वैज्ञानिक पद के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
मोहम्मद सैफ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मदरसा जामिया रजविया नूरुल उलूम से प्राप्त की। इसके बाद इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज से पूरी की। तत्पश्चात उन्होंने डा. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। आगे GATE के माध्यम से उनका चयन राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), कुरुक्षेत्र, हरियाणा में एमटेक के लिए हुआ।
उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद मोहम्मद सैफ ने घर पर रहकर नियमित रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम रहा कि उन्हें एक के बाद एक प्रतिष्ठित संस्थानों की परीक्षाओं में सफलता मिलती गई। इसी क्रम में इसरो में चयन उनकी मेहनत का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ।
सैफ के बड़े भाई मोहम्मद फैज सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी सफलता में परिवार के साथ-साथ बड़े भाई का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मोहम्मद सैफ की इस उपलब्धि को परिजनों और क्षेत्रवासियों ने गर्व का विषय बताया। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि संदेश देती है कि सही दिशा में निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।

