पति की गुमशुदगी को लेकर मुख्यमंत्री से गुहार, कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खास निवासी अफसारून निशा ने अपने पति नईम खान की गुमशुदगी को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत कर उनकी तलाश कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस स्तर से मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक पति का कोई सुराग नहीं मिल सका है।


मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में अफसारून निशा ने बताया कि उनकी शादी नईम खान के साथ आपसी सहमति से हुई है। सास जुबेदा खातून द्वारा घर में रहने की अनुमति नहीं दिए जाने के कारण वह पति के साथ परतावल में किराये के कमरे में रहती हैं। आरोप है कि 28 जून को सास एक अन्य महिला के साथ किराये के कमरे पर पहुंचीं और विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई तथा मोबाइल फोन ले लिया गया। इस संबंध में श्यामदेउरवां थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई थी।


पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उन्होंने 30 जून और 15 जुलाई को मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया। इसी बीच 18 जुलाई को उनकी सास ने फोन कर नईम खान को छपिया चौराहे पर बातचीत के लिए बुलाया। करीब एक घंटे बाद जब उन्होंने पति के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। इसके बाद से नईम खान का कोई पता नहीं चल सका।


अफसारून निशा ने आशंका जताई है कि उनके पति को ससुराल पक्ष के लोगों ने कहीं रोक रखा हो सकता है अथवा उनके साथ कोई अनहोनी हुई हो। उन्होंने सास जुबेदा खातून, देवर असलम खान और ननद साजिया खातून पर संदेह जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि नईम खान जिस वाहन से घर से निकले थे, उसका नंबर UP56 AW 3083 है।


पीड़िता ने बताया कि पति की गुमशुदगी के संबंध में भिटौली थाने में भी सूचना दी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने, नईम खान की तलाश कर उन्हें सकुशल घर वापस लाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।


पुलिस की ओर से इस मामले में की जा रही कार्रवाई अथवा जांच के संबंध में संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *