हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले की लंबे समय से प्रतीक्षित नई रेलवे लाइन परियोजना अब जमीन पर आकार लेने लगी है। शुक्रवार को एलसी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की टीम ने जिले में पहुंचकर प्रस्तावित रेलवे स्टेशन निर्माण की औपचारिक शुरुआत की।
महुअवा गांव स्थित प्रस्तावित भूमि पर प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित गुप्ता के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इसी के साथ स्टेशन निर्माण की प्रक्रिया का पहला अध्याय शुरू हो गया। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि शनिवार से ड्रोन सर्वे के जरिए स्टेशन की चौहदी नापने का काम शुरू होगा। इसके बाद प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाएं और ट्रैक से जुड़ी संरचनाओं के निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रेलवे द्वारा अधिग्रहित भूमि को खाली कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए जगह-जगह नोटिस बोर्ड लगाए जा रहे हैं और ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी कराई जा रही है, ताकि किसान समय रहते अपने पेड़ व फसल हटा लें।
स्थानीय लोगों में स्टेशन निर्माण को लेकर उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि यह परियोजना जिले के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। अब तक यात्रियों को पड़ोसी जिलों से ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन नया स्टेशन बनने से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।


