डीएम के प्रयास रंग लाए, 2650 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध; ओवररेटिंग पर लगेगी रोक
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 02 मई 2026। जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों से आनंदनगर–फरेंदा रैक प्वाइंट पर इफको यूरिया की एक पूरी रैक पहुंच गई है। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार एक रैक में कुल 2650 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध हुआ है, जिसे सहकारिता क्षेत्र के बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों में वितरित किया जाएगा।
बताया गया कि लंबे समय से किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा आनंदनगर रैक प्वाइंट पर उर्वरक की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इसको लेकर जिलाधिकारी ने शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए और 21 मार्च को पत्र लिखकर अतिरिक्त रैक भेजने का अनुरोध किया था। इसके परिणामस्वरूप अब इफको की यह रैक जनपद को प्राप्त हुई है।
अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी और उर्वरक की ओवररेटिंग की समस्या पर भी रोक लगेगी। साथ ही उर्वरक वितरण की निगरानी और सत्यापन भी प्रभावी तरीके से हो सकेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जल्द ही इफको डीएपी की एक और रैक भी आनंदनगर रैक प्वाइंट पर पहुंचने वाली है। इसके अलावा एनएफएल और कोरोमंडल कंपनियों द्वारा भी यहां रैक भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे भविष्य में उर्वरक की आपूर्ति और बेहतर होगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। अब तक 21842 मीट्रिक टन यूरिया और 9824 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हो चुका है। किसानों से अपील की गई है कि वे जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि उर्वरक की आपूर्ति लगातार जारी है।



