वृहद गोआश्रय केंद्र अहमदपुर हड़हवा में श्रद्धा व उल्लास से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज, 16 अगस्त 2025। वृहद गोआश्रय केंद्र अहमदपुर हड़हवा में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत हवन–पूजन से हुआ। इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया एवं जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने मंत्रोच्चारण के बीच गौशाला पूजन किया।

दोनों अतिथियों ने गौमाता को गुड़, फल और पुष्टाहार खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, ग्रामीण महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मंगलगीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण की सच्ची भक्ति है।

जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने जन्माष्टमी को धार्मिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि स्वदेशी नस्ल के गोवंशों का संरक्षण व संवर्द्धन हो। इसी क्रम में जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर जन्माष्टमी के अवसर पर पूजन-अर्चन और सजावट कराई गई।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हौसला प्रसाद ने बताया कि इस अवसर पर सभी गोआश्रय स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और गोवंशों का पूजन किया गया।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक गुप्ता, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *