हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 02 से 05 अक्टूबर 2025 तक क्षेत्र में लगातार तेज बारिश होने की संभावना है।
विशेषकर 04 अक्टूबर को हालात गंभीर हो सकते हैं, जिसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर मूसलधार बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और नदी-नालों या जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएँ। साथ ही बारिश के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट पर है और हालात बिगड़ने पर तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किए जाएंगे।
लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के अपडेट्स पर नज़र रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


