हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सिसवा बाजार/महराजगंज : सिसवा-घुघली मुख्य मार्ग पर कप्तानगंज जाते समय सिसवा में ही एक सवारियों से भरी प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त प्राइवेट बस चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। इस दुर्घटना में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें 2 की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही सिसवा नगर व कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और यह पाया कि चालक नशे में था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ईश्वर चंद विद्यासागर ने बताया कि घायलों का इलाज किया जा रहा है जिसमें दो की हालत गम्भीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

