अमरूद तोड़ने से रोकने पर लाठी से वार कर बुजुर्ग की हत्या,आरोपी हिरासत में

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में रविवार को अमरूद तोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी के बच्चे को अमरूद तोड़ने से रोकने पर हुई कहासुनी के दौरान एक महिला ने 70 वर्षीय बुजुर्ग पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, धरमौली निवासी मुखलाल शर्मा (70) रविवार दोपहर अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस का एक बच्चा उनके दरवाजे पर लगे अमरूद के पेड़ से फल तोड़ने लगा। मुखलाल शर्मा ने बच्चे को ऐसा करने से मना किया, जिस पर बच्चे की मां नाराज हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।


आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने गुस्से में लाठी उठाकर मुखलाल शर्मा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मौके पर ही गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस और श्यामदेउरवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।


श्यामदेउरवां थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक महाराजगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *