हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। शहर के आजाद नगर मोहल्ले में सोमवार को निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दरहटा टोला लालपुर निवासी प्रदीप पुत्र अमरनाथ मजदूरी करने के लिए आजाद नगर स्थित एक मकान पर निर्माण कार्य में लगे थे। बताया जाता है कि वह काम के दौरान छत पर चढ़ रहे थे। इसी बीच वह अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि प्रदीप गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। प्रदीप की मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके दो छोटे पुत्र अभय और आरोव हैं। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

