हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जनपद के ऐतिहासिक कटहरा खास शिव मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, यात्री निवास तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को मंदिर परिसर में दुकानों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में एक शौचालय बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी को इसे नियमित रूप से संचालित कराने तथा परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सहायक पर्यटक अधिकारी को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं का विस्तार करने, मंदिर के सुंदरीकरण एवं पर्यटन विकास से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं, मंदिर के समीप स्थित अमृत सरोवर में जल की कमी पाए जाने पर उसमें पर्याप्त पानी भरवाने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर की प्राकृतिक सुंदरता एवं उपयोगिता बनी रहे।
डीएम ने तहसीलदार सदर को मंदिर की प्रबंधन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने भगवान शिव का दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।
कटहरा खास शिव मंदिर जनपद के सबसे प्राचीन एवं प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को यहां मध्यरात्रि से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। परंपरा के अनुसार रात्रि 12 बजे साधु-संतों की पूजा के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए खोल दिए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी वैभव सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

