रामनरेश पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का भव्य स्वागत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी

धानी (महराजगंज)। धानी क्षेत्र के ग्राम सभा नगवा स्थित रामनरेश पीजी कॉलेज में सोमवार को बी.ए., बी.एससी. एवं एम.ए. के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिवार ने नए विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, नियमित अध्ययन और व्यक्तित्व विकास के महत्व से अवगत कराया।



समारोह के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षा संचालन, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा संस्थान के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। शिक्षकों ने छात्रों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, समय का सदुपयोग करने और अपने शैक्षणिक लक्ष्यों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का परिचय सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपना परिचय देने के साथ उच्च शिक्षा को लेकर अपने सपनों और उद्देश्यों को साझा किया। शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास दिलाया कि महाविद्यालय उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण और हर संभव मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रवक्ता अमित कुमार सिंह, आनंद शंकर राय, प्रतिमा सिंह, बबीता गुप्ता, सुधीर चतुर्वेदी, श्याम बिहारी एवं राजकुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक माहौल से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास का संचार करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *