हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार / महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत स्टेट तिराहा पर सोमवार दोपहर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी ही मोटरसाइकिल में आग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 अगस्त 2026 को करीब 14:15 बजे पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि स्टेट तिराहा पर एक व्यक्ति अपनी बाइक में आग लगा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि सुरेश प्रसाद मद्धेशिया पुत्र मुनीम प्रसाद, निवासी स्टेट तिराहा सिसवा बाजार, शराब के नशे में अपनी मोटरसाइकिल (संख्या UP53AN2476) में आग लगा चुका था।
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आग को तुरंत बुझा दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में मोटरसाइकिल आंशिक रूप से जल गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
इस सम्बन्ध थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि, घटना के बाद मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

