हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
निचलौल/महराजगंज। सावन माह के पहले सोमवार को जनपद के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया (मिनी बाबा धाम) में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए महराजगंज के अलावा गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर सहित आसपास के कई जनपदों और पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों श्रद्धालु इटहिया धाम पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में महिलाओं, युवाओं और कांवड़ियों का विशेष उत्साह देखने को मिला। लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बाद भी श्रद्धालुओं के चेहरे पर बाबा भोलेनाथ के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। दिनभर मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेडिंग के माध्यम से दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को बिना किसी अव्यवस्था के दर्शन कराए जा सके। वहीं मंदिर समिति एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने पेयजल, प्रसाद और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था संभालकर श्रद्धालुओं की सेवा की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार इटहिया शिव मंदिर में सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं, लेकिन पहले सोमवार का विशेष महत्व होने के कारण इस बार भी रिकॉर्ड संख्या में भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का अभिषेक किया। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सावन के पहले सोमवार सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक और दर्शन करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरे दिन इटहिया धाम शिवभक्ति, आस्था और उत्साह का केंद्र बना रहा।

