हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
निचलौल, महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के टिकुलहिया गांव के टोला टोंगरी में दवा कराने जा रही एक महिला के साथ रास्ते में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता नेहा देवी के अनुसार, 16 जुलाई को वह इलाज के लिए जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी सास बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने निचलौल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर बबलू मद्धेशिया, सीमा, पप्पू और ओमप्रकाश के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

