सिसवा पहुंचे भाजपा नेता राजेन्द्र पटेल, राहुल सिंह के परिजनों से मिल जताया शोक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार, महराजगंज। भाजपा नेता एवं विधानसभा प्रत्याशी राजेन्द्र पटेल रविवार को सिसवा बाजार स्थित दिवंगत युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में निष्पक्ष जांच एवं न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

भाजपा नेता राजेन्द्र पटेल ने राहुल के पिता संजय सिंह तथा बड़े भाई रोहित सिंह से घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। बातचीत के दौरान पिता संजय सिंह अपने पुत्र को याद कर भावुक हो गए, जिनका भाजपा नेता ने ढांढस बंधाते हुए कहा कि परिवार इस दुख की घड़ी में अकेला नहीं है।
उन्होंने कहा कि राहुल सिंह ने कम उम्र में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर महराजगंज को नई पहचान दिलाई थी। ऐसे प्रतिभाशाली युवा की असामयिक और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। राजेन्द्र पटेल ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा नेता सुधाकर पटेल, अश्विनी पटेल, ओमप्रकाश, अनिल, आशुतोष, रमाशंकर, प्रद्युम्न, गुड्डू सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *