तिलक से पहले दूल्हे के पिता पर चाकू से हमला: पिता गंभीर, घर की खुशियां पड़ी फीकी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल /महराजगंज। बेटे के तिलक समारोह में शामिल होने मुंबई से घर लौटे एक व्यक्ति पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।


श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौपरिया निवासी जिज्ञानु मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे परतावल पहुंचे थे। साधन न मिलने पर वह पैदल ही अपने घर जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पहले पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई।


घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।


बताया जा रहा है कि जिज्ञानु मुंबई में रहकर मछली पकड़ने का कार्य करते हैं और अपने इकलौते बेटे मनीष कुमार साहनी के तिलक समारोह में शामिल होने घर आए थे। घटना से परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया।


21अप्रैल को तिलक समारोह तो संपन्न हुआ, लेकिन पिता की गैर मौजूदगी ने माहौल को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में शामिल परिजनों और रिश्तेदारों के चेहरों पर उदासी साफ झलकती रही।


चौकी प्रभारी परतावल अमित कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है, हालांकि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *