पीड़ित का आरोप– शिकायत के बावजूद अब तक दर्ज नहीं हुआ चोरी का मुकदमा, कार्रवाई की मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सोनाबंदी स्थित एक चाय की दुकान पर दिनदहाड़े मोबाइल चोरी की घटना सामने आई है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन उसका आरोप है कि अब तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोनाबंदी निवासी चाय दुकानदार अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा और मौका पाकर दुकानदार का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
मोबाइल गायब होने के बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो उसमें युवक की पूरी करतूत स्पष्ट रूप से कैद मिली। फुटेज में संदिग्ध युवक मोबाइल उठाकर वहां से जाते हुए दिखाई दे रहा है।
पीड़ित का कहना है कि उसने घटना की लिखित शिकायत बृजमनगंज थाने में दी है और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। इसके बावजूद अभी तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे वह और उसके परिजन परेशान हैं। उनका कहना है कि जब घटना के स्पष्ट साक्ष्य मौजूद हैं, तब भी कार्रवाई में देरी समझ से परे है।
इस संबंध में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आ सका है। अब देखना होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे कब तक गिरफ्तार करती है तथा मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।

