पनियरा में बूथ अध्यक्षों के महासम्मेलन की तैयारियां तेज, 22 जुलाई के आयोजन को लेकर रणनीति बैठक संपन्न

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल, 19 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के पनियरा विधानसभा क्षेत्र में 22 जुलाई को प्रस्तावित बूथ अध्यक्षों के महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से रविवार को परतावल स्थित विधायक आवास/जनसंपर्क कार्यालय पर योजनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


बैठक में मुख्य वक्ता अंगद गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सम्मेलन का उद्देश्य प्रत्येक बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए बैठक व्यवस्था, स्वागत समिति और भोजन व्यवस्था सहित विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।


ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं और आगामी चुनावों व संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता बूथ प्रबंधन पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रत्येक बूथ से अधिकतम कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से ही सफल होता है।


विधानसभा संयोजक एवं युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के संकल्प के साथ पनियरा विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन क्षेत्र में संगठन के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा।


बैठक की अध्यक्षता भाजपा परतावल मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल ने की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 22 जुलाई को होने वाले महासम्मेलन में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री अजय गौतम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *