दो वर्षों से समस्या झेल रहे ग्रामीण, अधिकारियों को कई बार दिया ज्ञापन; नाला निर्माण की उठाई मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
मिठौरा/महराजगंज। मिठौरा विकासखंड के ग्राम सभा पतरेगवा में नाली निर्माण न होने के कारण बरसात का पानी घरों तक पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश से मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार नारायण गुप्ता के घर से फेकू गुप्ता के घर तक नाली का निर्माण नहीं होने से वर्षा का पानी निकासी नहीं हो पा रहा है। बारिश के चलते जनार्दन गुप्ता के घर में लगभग तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे घर में रखा सामान प्रभावित होने के साथ ही परिवार के सामने रोजमर्रा की परेशानियां खड़ी हो गई हैं।
मोहल्ले के निवासी जनार्दन गुप्ता, नारायण गुप्ता, फेकू गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। पिछले दो दिनों से लोगों को भोजन बनाने और आवश्यक कार्यों के लिए भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले दो वर्षों से वे नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं। ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थल निरीक्षण कर नाली का निर्माण करा दिया गया होता, तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र नाला निर्माण कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

