दीपावली से पहले पनियरा क्षेत्र में अमानवीय घटना, अपमान से टूटी महिला ने आत्महत्या का किया प्रयास, अब छोड़ा गांव
महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स)। दीपावली की रौनक के बीच महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला को झाड़-फूंक का आरोप लगाकर भीड़ ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे निर्वस्त्र करने की कोशिश भी की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर पर दो सोखाओं के साथ पूजा-पाठ करवा रही थी। इसी दौरान गांव के करीब एक दर्जन लोग वहां पहुंचे और झाड़-फूंक का आरोप लगाते हुए महिला को पकड़ लिया। आरोप है कि भीड़ ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर बाल खींचते हुए निर्वस्त्र करने का प्रयास किया। महिला लगातार रहम की भीख मांगती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।
घटना के बाद अपमान और डर से टूट चुकी महिला ने आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसकी जान बचा ली। अब भय और सामाजिक लांछन के चलते पीड़िता अपने परिवार सहित गांव छोड़कर चली गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना दीपावली से ठीक एक दिन पहले की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पनियरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “यह गंभीर मामला है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

