सीएचसी परतावल की पैथोलॉजी सेवा ठप, एक सप्ताह से मशीन खराब; मरीज निजी लैब पर  जाने को मजबूर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल / महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में पैथोलॉजी की प्रमुख जांच मशीन पिछले करीब एक सप्ताह से खराब पड़ी है। इसके चलते अस्पताल में अधिकांश पैथोलॉजी जांच बंद हैं और मरीजों को इलाज के लिए जरूरी जांच कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीज निजी पैथोलॉजी केंद्रों का रुख करने को विवश हैं, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।


बरसात के मौसम में वायरल बुखार समेत अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में सरकारी अस्पताल की जांच व्यवस्था प्रभावित होने से मरीजों और तीमारदारों की चिंता भी बढ़ गई है। जांच न होने के कारण कई मरीजों का उपचार प्रभावित हो रहा है।


अस्पताल के लैब टेक्नीशियन अरुण कुमार ने बताया कि मशीन खराब होने के कारण फिलहाल केवल सीबीसी (CBC) जांच ही वैकल्पिक व्यवस्था से की जा रही है। अन्य आवश्यक पैथोलॉजी जांच फिलहाल संभव नहीं हैं। मशीन की खराबी की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और उसके ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएचसी परतावल क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में लगातार एक सप्ताह से जांच सेवाएं प्रभावित रहने से मरीजों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द मशीन की मरम्मत कराने या वैकल्पिक जांच व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।


उधर, इस संबंध में सीएचसी परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका क्योंकि उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *