गहने देखने के बहाने ज्वेलर्स की दुकान से सोने का झालर उड़ाया, पांच महिलाओं पर चोरी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

बृजमनगंज (महराजगंज)। कस्बे के सना ज्वेलर्स में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि पांच महिलाओं ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और गहने देखने के दौरान सोने का एक झालर चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


जानकारी के अनुसार, पांच महिलाएं एक टेम्पो से दुकान पर पहुंचीं। पहले दो महिलाएं दुकान के भीतर गईं और गहने देखने लगीं। कुछ देर बाद तीन अन्य महिलाएं भी दुकान में आ गईं। सभी ने अलग-अलग गहने दिखाने की बात कहकर दुकानदार का ध्यान अपनी ओर लगाए रखा।


बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक महिला पीछे रखी कुर्सी से आगे आकर बैठ गई, जबकि दूसरी महिला ने उसके हाथ में कान का झालर थमा दिया। इसी बीच एक अन्य महिला ने मौका पाकर सोने का झालर अपने कब्जे में कर लिया। बाद में तीन महिलाएं पहले दुकान से निकल गईं और कुछ देर बाद बाकी दोनों भी वहां से चली गईं।


घटना की जानकारी उस समय हुई जब दुकान मालिक ने शाम को गहनों का मिलान किया। जांच के दौरान एक सोने का झालर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *