हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जिले के बागापार चौराहे पर शुक्रवार शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने एक पनीर विक्रेता की दुकान पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से पनीर का नमूना लेकर उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। वहीं निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का वैध खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं मिला, जिसके बाद विभाग ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हिमांशु जैन के नेतृत्व में पहुंची टीम ने राजेश मौर्य की पनीर दुकान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना सील कर सुरक्षित किया तथा दुकान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और खाद्य लाइसेंस की मांग की। हालांकि निरीक्षण के समय संचालक वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय ने बताया कि विभाग को उक्त दुकान के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल पनीर की गुणवत्ता को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नमूना मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दुकान संचालक राजेश मौर्य ने विभागीय कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके प्रतिष्ठान पर पहले भी कई बार जांच हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह की जांच उनके लिए नई नहीं है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार न करें तथा खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

