उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ से मारपीट, बिजली आपूर्ति चार घंटे रही बाधित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


कुशीनगर। पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार रात बिजली कटौती से नाराज कुछ युवकों ने ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्सिंग एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना के बाद उपकेंद्र पर करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मामले में अवर अभियंता (जेई) ने चार नामजद व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ राघवेंद्र सिंह बुधवार रात ड्यूटी पर मौजूद थे। आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे बरई पट्टी गांव के कुछ युवक बाइक से उपकेंद्र पहुंचे और बिजली कटौती को लेकर एसएसओ से अभद्रता करने लगे। उस समय मुख्य विद्युत आपूर्ति बाधित थी, जिसके चलते फीडरों पर रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की जा रही थी।


एसएसओ ने युवकों को मुख्य लाइन बंद होने की जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि वे नहीं माने और कंट्रोल रूम में घुसकर उनके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान एसएसओ ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने मोबाइल भी तोड़ दिया।


मारपीट की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और उपकेंद्र के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।


पटहेरवा उपकेंद्र के जेई संदीप मिश्रा ने चार नामजद एवं दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रविंद्र राय ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *