महराजगंज। थाना नौतनवा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें, नेपाल में चोरी की बाइक बेचने से प्राप्त 5,120 नेपाली रुपये तथा 630 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वाहन चोरी, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चोरी विरोधी अभियान के तहत थाना नौतनवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एसएसबी रोड स्थित डंडा नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिराम गुप्ता उर्फ डॉक्टर (45) पुत्र गोविंद गुप्ता, निवासी ग्राम सोनरा, थाना कोतवाली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर थाना नौतनवा, फरेंदा एवं पुरंदरपुर में दर्ज वाहन चोरी के तीन मामलों का सफल अनावरण हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी डुप्लीकेट चाबी की मदद से मोटरसाइकिलों का लॉक खोलकर उन्हें चोरी करता था और नेपाल ले जाकर बेच देता था। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास संकलित कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव, दिव्यांशु राय, मनीष पटेल, हेड कांस्टेबल दीपक यादव तथा कांस्टेबल मनीष यादव और रंजीत कुमार शामिल रहे।

