हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
कोल्हुई, महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा कला में धान की रोपाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुलाम वारिस (18) पुत्र वारिस अली निवासी ग्राम गुलरिहा कला टोला पोखर भिटवा मंगलवार दोपहर खेत में धान की रोपाई कर रहा था। इसी दौरान वह खेत के पास स्थित पोखरे पर हाथ-पैर धोने के लिए गया। बताया जा रहा है कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
कुछ देर बाद जब युवक दिखाई नहीं दिया तो परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उसे पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए लिखित प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

