हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
सिसवा मुंशी / महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिर्जापुर पकड़ी उर्फ रघुनाथपुर स्थित श्मशान घाट से दो सागौन के पेड़ चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार देर रात कुछ अज्ञात लोग श्मशान घाट में पहुंचे और वहां वर्षों पुराने दो सागौन के पेड़ों को काटकर पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए। ग्रामीणों का अनुमान है कि इस वारदात में आठ से दस लोग शामिल हो सकते हैं।
बताया गया कि श्मशान घाट परिसर में वर्षों पहले पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बड़ी संख्या में पेड़ लगाए गए थे, जिनमें से अब दो सागौन के पेड़ चोरी हो जाने से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति की इस तरह चोरी होना चिंता का विषय है और इससे भविष्य में अन्य पेड़ों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों की शिकायत पर भिटौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर घटना की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

