हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 25 अगस्त 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रांग रूम वेयरहाउस/गोदाम का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना था।
जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सुरक्षा गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विद्युत सुरक्षा, ईवीएम-वीवीपैट के रखरखाव तथा गार्ड रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम एवं वीवीपैट के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्ट्रांग रूम में किसी भी व्यक्ति का प्रवेश निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार ही अनुमन्य किया जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे, सातों दिन क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए सभी आवश्यक मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी एडीईओ प्रमोद यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।


