आम के पेड़ पर फंदा लगाकर चढ़ी नेपाली युवती, स्काई लिफ्टर से रेस्क्यू; पुलिस की सतर्कता से बची जान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवती के आम के पेड़ पर चढ़कर गले में कपड़े का फंदा डाल लेने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने घटना देख तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने स्काई लिफ्टर की मदद से सफल रेस्क्यू कर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़ गई थी। कुछ ही देर बाद उसने कपड़े का फंदा बनाकर अपने गले में डाल लिया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और महराजगंज मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया।
सूचना मिलते ही चौक थाना प्रभारी मनीष पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझाने और शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह पेड़ से नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत से स्काई लिफ्टर मंगाया गया।
स्काई लिफ्टर पहुंचने के बाद पुलिस और नगर पंचायत की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।


पुलिस युवती को चौक थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में उसके नेपाल निवासी होने और नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। हालांकि उसने यह कदम किस वजह से उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।


थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि युवती की पहचान की पुष्टि कर उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *