परतावल/महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का दायित्व संभालने के बाद महराजगंज जनपद में प्रथम आगमन पर पनियरा विधानसभा क्षेत्र की सीमा कतरारी चौराहे एवं परतावल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण और भाजपा के समर्थन में लगे नारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए थे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, मालाएं और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
स्वागत से अभिभूत क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता के परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही आगामी संगठनात्मक चुनौतियों के लिए अभी से तैयार रहने का मंत्र भी दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल, भाजपा नेता एवं पत्रकार अजय श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, पनियरा चेयरमैन उमेश जायसवाल, युवा नेता प्रेमशंकर सिंह, शुभलक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष, ग्राम प्रधान तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

