डीएम के निर्देश पर विद्युत विभाग सक्रिय, हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत की उम्मीद
महराजगंज। बागापार क्षेत्र में प्रस्तावित मिनी पावर हाउस की स्थापना का रास्ता अब आसान होता दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विद्युत विभाग ने पावर हाउस निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी है।
इससे क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से बनी लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से जल्द राहत मिल सकेगी।
बताया जाता है कि जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बागापार में मिनी पावर हाउस स्थापित कराने की मांग की थी। ज्ञापन में बागापार सहित आसपास के गांवों में बढ़ते विद्युत भार, लो वोल्टेज और बाधित बिजली आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के अनुपालन में विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र चौरसिया बागापार पहुंचे और संभावित भूमि का निरीक्षण करने के लिए जानकारी जुटाई। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने विभाग को दो संभावित स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई, जिन पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मिनी पावर हाउस की स्थापना होने से बागापार समेत आसपास के कई गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। इससे लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं में कमी आएगी, जिससे किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा बागापार के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

