घुघली ब्लॉक सभागार में ग्राम रोजगार सेवक संघ ने आयोजित की शोकसभा, दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि
महराजगंज। विकासखंड घुघली में कार्यरत रहे सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) केदारनाथ द्विवेदी के निधन से कृषि विभाग, विकासखंड प्रशासन तथा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मंगलवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम रोजगार सेवकों और क्षेत्रवासियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।
बुधवार को विकासखंड घुघली के ब्लॉक सभागार में ग्राम रोजगार सेवक संघ की ओर से शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय केदारनाथ द्विवेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय द्विवेदी एक कर्मठ, ईमानदार और मिलनसार अधिकारी थे। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में विभागीय दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। कर्मचारियों एवं ग्रामीणों के प्रति उनका व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और आत्मीय रहा। उनके निधन से कृषि विभाग और विकासखंड क्षेत्र ने एक योग्य, कर्तव्यनिष्ठ एवं संवेदनशील अधिकारी को खो दिया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
ग्राम रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष बंधु मद्धेशिया ने कहा कि स्वर्गीय द्विवेदी का व्यक्तित्व बेहद सरल और सहयोगी था। संगठन के संरक्षक डॉ. सतीश पाण्डेय ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
सड़क हादसे के बाद चल रहा था इलाज
गौरतलब है कि 29 जून की सुबह महराजगंज नगर क्षेत्र में टहलने के दौरान केदारनाथ द्विवेदी अपनी पत्नी के साथ सड़क किनारे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था। कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद 7 जुलाई को उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं उनके सहकर्मी और शुभचिंतक भी गहरे सदमे में हैं।
शोकसभा में राजेश कुमार त्रिपाठी, अमजद खान, जयराम शर्मा, लालजी, संतोष गुप्ता, अनामिका उपाध्याय, उदयभान, बुद्धिराम प्रसाद, रवि प्रताप सिंह, रामानंद, राजेश प्रजापति, अरविंद कुमार जायसवाल सहित ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

