भिटौली थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसिया में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। करीब दो बजे घर के अंदर कमरे में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।


मृतका की पहचान 32 वर्षीय जानकी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। जानकी अपने घर में दो मासूम बेटियों के साथ रहती थी। बताया गया कि उसका पति अशोक रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहता है। घटना के समय घर में सास-ससुर भी मौजूद नहीं थे। सास चंद्रावती और ससुर रामासरे किसी कार्य से बाहर गए हुए थे।


घर में मौजूद जेठानियों में से एक शौचालय में अपनी बच्ची को शौच करा रही थी, जबकि दूसरी जेठानी मायके गई हुई थी। इसी दौरान जेठानी की बच्ची ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा तो जोर-जोर से चिल्लाने लगी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।


सूचना पर भिटौली पुलिस व फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

फिलहाल इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दोनों मासूम बेटियों की हालत देखकर लोगों की आंखें नम हो गई हैं।


थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *