हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
मिठौरा/महराजगंज। विकासखंड मिठौरा के सिदुरिया-झनझनपुर मार्ग पर पिपरा कल्याण गांव के पश्चिम स्थित नहर पुलिया की क्षतिग्रस्त रेलिंग राहगीरों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। लंबे समय से रेलिंग टूटी होने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के पास सड़क पर तीखा और अंधा मोड़ होने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। रात के समय अथवा बारिश के दौरान यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। यदि कोई वाहन चालक संतुलन खो दे या पुलिया का सही अनुमान न लगा सके, तो वाहन सीधे नहर में गिर सकता है।
ग्रामीण चंद्रिका, बिरजू, अंबिका, देवेंद्र कुमार और राजेश यादव ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और कृषि कार्य में उपयोग होने वाले वाहन गुजरते हैं। कई बार छोटे हादसे होते-होते टल चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से पुलिया की टूटी रेलिंग का तत्काल पुनर्निर्माण कराने, चेतावनी संकेतक लगाने और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

