सर्वाधिक नए प्रवेश पर चमका बागापार द्वितीय विद्यालय, जिला स्तर पर हुआ सम्मानित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। “स्कूल चलो अभियान” के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 में सर्वाधिक नए विद्यार्थियों का नामांकन कराने वाले प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय को जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। विद्यालय की इस उपलब्धि ने न केवल शिक्षा विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
विद्यालय की ओर से शिक्षक संतोष तिवारी ने समारोह में प्रतिनिधित्व करते हुए सम्मान ग्रहण किया। यह सम्मान विद्यालय द्वारा नवीन नामांकन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रदान किया गया।


बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों के नामांकन की समीक्षा की गई, जिसमें प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय ने सर्वाधिक नए प्रवेश दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि को शिक्षकों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और ग्रामीणों की शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का परिणाम माना गया।


सम्मान समारोह में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा ने विद्यालय की उपलब्धि की सराहना करते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन के लिए प्रेरित किया।


विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार, अभिभावकों और ग्राम पंचायत के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का लक्ष्य केवल बच्चों का प्रवेश कराना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास का अवसर उपलब्ध कराना है।


इस अवसर पर महेंद्र यादव, चंद्रशेखर जायसवाल, सरिता यादव, पवन कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं ग्राम प्रधान विवेक प्रताप सिंह उर्फ निक्कू सिंह के शिक्षा के प्रति सकारात्मक सहयोग की भी सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने इस सम्मान को पूरे बागापार ग्राम पंचायत की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *