हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम सोहट नौका टोला में मंगलवार सुबह एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पुष्पा देवी (26 वर्ष) पत्नी धर्मेंद्र श्रीवास्तव निवासी ग्राम सोहट नौका टोला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते महिला द्वारा घर के अंदर साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मृतका की सास कमलावती देवी ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।
कोठीभार थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

