परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा पुलिस ने युवती का मोबाइल छीनकर फरार होने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को थाना क्षेत्र की एक युवती का मोबाइल केटीएम बाइक सवार तीन युवकों ने छीन लिया था। पीड़िता की तहरीर पर थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा संख्या 195/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में गठित टीम ने सोमवार को धरमौली नहर पुल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार पुत्र फुलबदन तथा मंदीप कुमार पुत्र राजकुमार, दोनों निवासी बनकटिया थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है। वहीं, मामले में शामिल 15 वर्षीय एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया नोकिया 2.3 मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त केटीएम मोटरसाइकिल (यूपी 56 बीबी 0631) बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी परतावल उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे, उपनिरीक्षक अंकित श्रीवास्तव, कांस्टेबल विकास यादव, प्रमोद यादव तथा संतोष प्रजापति की प्रमुख भूमिका रही।

