घुघली, महराजगंज। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की होड़ में लोग अपनी जान जोखिम में डालने से भी नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही एक मामला घुघली रेलवे स्टेशन पर सामने आया है, जहां एक महिला चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर रील बनाती नजर आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में महिला ट्रेन के दरवाजे पर खतरनाक तरीके से खड़ी दिखाई दे रही है। वह चलती ट्रेन से बाहर की ओर झुककर वीडियो बनवा रही है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वीडियो में दिख रही ट्रेन और महिला की पहचान की जा रही है। पहचान होने पर रेलवे एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि रील और फोटो के लिए अपनी जान खतरे में न डालें। चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर यात्रा करना या स्टंट करना न केवल खतरनाक है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। रेलवे एक्ट 1989 की धारा 156 के तहत ऐसे मामलों में जुर्माना, कारावास या दोनों का प्रावधान है।
रेलवे ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि कोई यात्री इस तरह की खतरनाक हरकत करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या आरपीएफ को दें, ताकि समय रहते दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

